HomeLocalविकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता में अमृता राय, महजबीन अंसारी और शशिकांत...

विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता में अमृता राय, महजबीन अंसारी और शशिकांत तिवारी रहे

गाजीपुर। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में गुरुवार को सत्यदेव डिग्री कॉलेज में जनपद स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसमें अमृता राय और महजबीन अंसारी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शशिकांत तिवारी तीसरे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह रहीं। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, सत्यदेव डिग्री कॉलेज के डायरेक्टर अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह और दिग्विजय उपाध्याय सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे की बढ़ती समस्या, उसके दुष्परिणाम और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल में आजतक के ब्यूरो चीफ विनय कुमार सिंह, पूर्व प्रवक्ता कमरुद्दीन, पूर्व एपीएस सुभाष चंद्र, सत्यदेव डिग्री कॉलेज के बीएड संस्थान की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता साहा और श्याम कुमार शामिल रहे।
मुख्य अतिथि सपना सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी जरूरी है।
जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के तहत आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर इसका आयोजन 9 से 13 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण और नीति निर्धारण की प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनकी नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को मंच प्रदान करना है। आयोजन में कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और मेरा युवा भारत की टीम का सहयोग रहा।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments