HomePoliticsपीजी कॉलेज में छात्रों की बड़ी जीत, कैंपस में 24 घंटे मुफ्त...

पीजी कॉलेज में छात्रों की बड़ी जीत, कैंपस में 24 घंटे मुफ्त होगा बायोमेट्रिक

गाजीपुर, स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर में छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक के नाम पर कथित अवैध वसूली और अव्यवस्थाओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन रंग लाया। 710 छात्रों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को महाविद्यालय परिसर पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
गौरतलब है कि विगत 4 और 5 नवंबर को छात्रों ने छात्रसंघ भवन के सामने हस्ताक्षर अभियान चलाकर महामहिम राज्यपाल और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा था। इसमें बायोमेट्रिक के नाम पर अवैध वसूली, कॉलेज के बाहर व्यवस्था संचालित होने और छात्रों को हो रही परेशानियों की शिकायत की गई थी।
गुरुवार को डीएम के कॉलेज पहुंचने पर छात्र नेताओं ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक की प्रक्रिया कॉलेज परिसर के अंदर ही संचालित होगी। इसके लिए मशीनों और काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही यह व्यवस्था 24 घंटे और पूरी तरह निःशुल्क रहेगी, ताकि अंतिम तिथि तक सभी छात्र अपना बायोमेट्रिक करा सकें।
वहीं, पूर्व में बायोमेट्रिक के नाम पर कॉलेज प्रशासन और बाहर की दुकानों पर कथित अवैध वसूली की शिकायतों पर डीएम ने जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
छात्र नेता प्रद्युमन सिंह यादव ‘राजन’ ने कहा कि 710 छात्रों की एकजुटता के कारण उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंची है। आकाश चौधरी ने कहा कि जब तक अवैध वसूली करने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी, संघर्ष जारी रहेगा। निलेश बिंद और अभिषेक चौरसिया ने कहा कि नई व्यवस्था से हजारों छात्रों को राहत मिलेगी। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने भी कार्रवाई होने तक निगरानी जारी रखने की बात कही।
इस मौके पर प्रद्युमन यादव राजन, मोहित यादव, बिजेंद्र यादव, राज सिंह, निलेश बिंद, आकाश चौधरी, पवन यादव, प्रिंस कुशवाहा, निशांत वर्मा, खुशी कुमारी, नैंसी वर्मा, सुभद्रा सिंह, जिक्रा अली, नेहा सिंह सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments