ग़ाज़ीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर (दधिया) गांव में मंगलवार सुबह स्कूल जा रही कक्षा छह की छात्रा जेसीबी की चपेट में आकर घायल हो गई। हादसे में छात्रा के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जेसीबी को कब्जे में लेकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, आनंद राम की पुत्री आंशिका मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। गांव के पास सामने से आ रही जेसीबी अनियंत्रित होकर छात्रा से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद जेसीबी स्वामी और स्थानीय लोगों की मदद से परिजन छात्रा को इलाज के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और जेसीबी को कब्जे में ले लिया। जंगीपुर थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि छात्रा का इलाज जेसीबी स्वामी द्वारा कराया जा रहा है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















