गाजीपुर। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार, 10 अक्टूबर को बिरनो टोल प्लाजा पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, लखनऊ और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर विनय कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 162 वाहनों का चालान किया गया। इन पर लगभग 3 लाख 32 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार तथा एआरटीओ गाजीपुर के नेतृत्व में पुलिस और यातायात विभाग की टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले पांच वाहनों का चालान किया गया, जबकि खराब और मानकों के अनुरूप नहीं होने वाली नंबर प्लेट लगे सात वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट लगवाने और अनावश्यक रूप से तेज आवाज वाले हॉर्न का प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी।
अभियान के अंतर्गत ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम भी चलाया गया। इसके तहत रोडवेज बसों, निजी बसों और डबल डेकर बसों में यात्रा कर रही महिला यात्रियों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी गई। साथ ही महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए 1090 महिला हेल्पलाइन सहित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
यातायात विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस मौके पर बिरनो थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव हमराहियों के साथ मौजूद रहे।















