गाजीपुर। चक कमरौरा गांव में नदी में डूबने से हुई रामबाबू उर्फ विक्की कुमार की मौत के बाद शनिवार शाम 5:30 बजे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह और भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल मृतक के घर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधि ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुलाकात के दौरान परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दिलाने और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया गया।
इससे पहले शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने मृतक के परिजनों को सहायता राशि का प्रमाण पत्र सौंपा था।
गौरतलब है कि सात अक्टूबर, मंगलवार को चक कमरौरा गांव में भूमि की पैमाइश के दौरान राजस्व और पुलिस टीम के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान 25 वर्षीय रामबाबू उर्फ विक्की कुमार नदी में डूब गए थे। घटना के बाद जिला प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। घटना के बाद से ही परिवार में शोक का माहौल है।















