गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज के पीछे गोराबाजार स्थित ट्रामा सेंटर को शीघ्र पूर्ण क्षमता से संचालित करने और वहां निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं बहाल रखने की मांग को लेकर छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रामा सेंटर को बंद करने अथवा उसके उपकरण व सामान अन्यत्र स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि ट्रामा सेंटर के करीब 90 प्रतिशत उपकरण पहले ही सीएमओ कार्यालय द्वारा हटाए जा चुके हैं। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि ट्रामा सेंटर को मेडिकल कॉलेज अथवा किसी अन्य विभाग से संबद्ध किया जाता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसका मूल स्वरूप बरकरार रहना चाहिए। यहां मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, एक्स-रे, सीटी स्कैन सहित सभी आवश्यक जांच, उपचार और दवाइयां पूर्व की तरह पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
प्रतिनिधिमंडल ने ट्रामा सेंटर में आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त स्टाफ की तैनाती कर इसे 24 घंटे सातों दिन पूर्ण क्षमता से संचालित करने की मांग की। अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि ज्ञापन को सक्षम अधिकारी को प्रेषित कर दिया जाएगा।
छात्र नेता प्रद्युम्न यादव ने कहा कि गाजीपुर की जनता के हित में ट्रामा सेंटर का निःशुल्क और पूर्ण क्षमता से संचालन जरूरी है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि भारी जनसंघर्ष के बाद स्थापित केंद्र को बंद कराने की किसी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। सुधांशु तिवारी ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
पूर्व महामंत्री पिंटू यादव ने चेतावनी दी कि निःशुल्क व्यवस्था में बदलाव या सेंटर बंद करने का प्रयास हुआ तो छात्रसंघ और जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान गोविंद यादव, अखिलेश यादव, विवेक राजभर, रजनीश मिश्रा, बृजेश यादव, ऋषि यादव, अमन प्रधान, राहुल यादव, विकास यादव, राज पाण्डेय, शिवम गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।














