गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला विद्यालय ज्ञान समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में छात्र-छात्राओं की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को लेकर विद्यालय प्रबंधन को महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में परिवहन समिति का गठन कर उसकी नियमित बैठक कराई जाए। विद्यालयों और संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना भी सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट सहित अन्य जरूरी अभिलेखों की अनिवार्य रूप से जांच कराई जाए।
वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस सत्यापन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चालकों को ड्राइविंग की बेसिक गाइडलाइन, प्राथमिक उपचार और सीपीआर की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण दिलाया जाए। बसों में फर्स्ट एड बॉक्स और पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया। प्रशिक्षण के संबंध में विद्यालयों से प्रमाण-पत्र भी लिया जाएगा।
राजमार्गों पर स्थित विद्यालयों के आसपास सुरक्षा के लिए ब्लिंक इंडिकेटर लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करने वाले किसी भी वाहन से बच्चों का परिवहन न कराया जाए। वाहनों की नियमित जांच और परिवहन व्यवस्था की निगरानी में कमी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।














