गाजीपुर। गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। रात में खाना खाने के बाद उन्हें अचानक उल्टियां होने लगीं। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ने की जानकारी उनके भतीजे और विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “बड़े अब्बा की सेहत खराब हो गई है। लखनऊ में इलाज चल रहा है। आप सभी से दुआओं और प्रार्थनाओं की गुजारिश है।”
अब्बास अंसारी के मुताबिक, अफजाल अंसारी लंबे समय से लिवर संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। बताया गया कि शुक्रवार रात भोजन में अधिक घी होने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, अस्पताल की ओर से अभी तक उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
अफजाल अंसारी गाजीपुर की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। भाजपा सरकार आने के बाद से उनके और उनके परिवार से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई होती रही है। मुख्तार अंसारी के निधन के बाद परिवार की राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों में भी अफजाल अंसारी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनके समर्थक और क्षेत्र के लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।















