गाजीपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से 21 और 22 अगस्त को विशेष अभियान चलाया गया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के आदेश और सहायक आयुक्त (खाद्य)-II गाजीपुर के निर्देश पर चलाए गए अभियान में कुल 11 सर्विलांस नमूने संग्रहित किए गए।
अभियान के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बाराचवर, मुहम्मदाबाद से तैयार गेहूं की रोटी और सब्जी के नमूने लिए गए। गंगौली, कासिमाबाद स्थित विद्यालय से तैयार मटर-छोला सब्जी और चावल के नमूने संग्रहित किए गए। जखनिया स्थित विद्यालय से पके चावल और रोटी के नमूने लिए गए।
इसी क्रम में सादात, जखनिया स्थित कस्तूरबा विद्यालय से पका चावल, अरहर-चना मिश्रित पकी दाल, पकी रोटी और पकी सब्जी के नमूने तथा सैदपुर स्थित विद्यालय से पकी अरहर की दाल का नमूना लिया गया।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। नमूना संग्रह की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ ने की।














