Sunday, July 26, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAFHAAS BREAKINGमुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 5 लाख तक मिलेगा मुफ्त...

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 5 लाख तक मिलेगा मुफ्त कैशलेस इलाज

गाजीपुर। प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में देखा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह ने की। इस अवसर पर विधायक बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है, इसलिए उसका स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र शिक्षकों और उनके आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए समझौते के तहत दुर्घटना बीमा और टर्म लाइफ इंश्योरेंस जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने बताया कि गाजीपुर के पांच महाविद्यालयों के 22 शिक्षकों को योजना का लाभ मिला है। भविष्य में जिले के 380 महाविद्यालयों के शिक्षक इस योजना से आच्छादित होंगे, जिससे गाजीपुर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा लाभार्थी जनपद बनेगा।

विधायक बेदी राम और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने इसे शिक्षक सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, प्राचार्य, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button