गाजीपुर। जंगीपुर नगर पंचायत में सड़क एवं विकास कार्यों को लेकर विधायक वीरेन्द्र कुमार यादव की ओर से उठाए गए मुद्दों पर शासन ने प्रगति रिपोर्ट जारी की है। उत्तर प्रदेश विधानसभा की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा विमुक्त जातियों संबंधी संयुक्त समिति की 16 अप्रैल 2026 की बैठक में उठाए गए प्रस्तावों के संबंध में नगर विकास विभाग ने विस्तृत आख्या प्रस्तुत की है।
रिपोर्ट के अनुसार, वार्ड संख्या-8 में शारदा हॉस्पिटल से फोरलेन हाईवे तक 300 मीटर सड़क निर्माण को 15वें वित्त आयोग से कराने का प्रस्ताव था, लेकिन सीमित धनराशि के कारण बोर्ड ने इसे संभव नहीं माना। इसके बजाय इस कार्य को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जंगीपुर नगर पंचायत के लिए इस योजना के अंतर्गत 100 लाख रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा वार्ड 6 व 8 में सीसी रोड और कवर्ड नाली निर्माण का कार्य प्रगति पर है। वार्ड 1 में निहालदादा मजार क्षेत्र में एलईडी लाइट, सीसी रोड और कवर्ड नाली निर्माण के लिए भी शासन से स्वीकृति मिल चुकी है तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग से फोरलेन तक सीवरेज और जलनिकासी योजना का लगभग 75-80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि जंगीपुर नगर पंचायत के लोगों की समस्याओं को देखते हुए सड़क एवं विकास कार्यों की मांग लगातार उठाई गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वीकृत परियोजनाओं के पूरा होने से नगरवासियों को बेहतर सड़क, जलनिकासी और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।














