HomePARDAFHAAS BREAKINGरूस से एमबीबीएस कर लौटे इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत,...

रूस से एमबीबीएस कर लौटे इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत, दो माह बाद पूरी होनी थी इंटर्नशिप

गाजीपुर। रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर अपने शहर में मरीजों की सेवा का सपना लेकर लौटे इकलौते बेटे डॉ. नवदीप सिंह की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। गोराबाजार क्षेत्र में पुआल लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। वह महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रशिक्षु चिकित्सक (इंटर्न) थे। महज दो माह बाद जनवरी में उनकी इंटर्नशिप पूरी होने वाली थी।
पुलिस लाइन छावनी लाइन के गंगा विशुनपुर निवासी चंद्रशेखर सिंह उर्फ डॉक्टर मुन्ना के इकलौते पुत्र नवदीप शुक्रवार रात अपने मित्र को रेलवे स्टेशन छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। गोराबाजार स्थित लीला सीमेंट स्टोर से कुछ दूरी आगे पुआल लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी और ट्रॉली का पिछला डाला खुला हुआ था। रात के अंधेरे में वाहन की वास्तविक चौड़ाई और बाहर निकले हिस्से का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रॉली पर कोई पर्याप्त रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत भी नहीं था।
स्थानीय लोगों ने घायल नवदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विडंबना यह रही कि जिस मेडिकल कॉलेज में वह मरीजों की सेवा कर रहे थे, वहीं उनकी सांसें थम गईं।
उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छावनी लाइन, गंगा विशुनपुर और मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई। सीओ सिटी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments