बिरनो (गाजीपुर)। बिरनो थाना क्षेत्र के चककपिल गांव के पास शुक्रवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल महिला की वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, चककपिल गांव निवासी आशा देवी पत्नी श्रीकिशुन राम खेत में काम करने के बाद पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें गाजीपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज से वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।















