गाजीपुर – प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और चयनित गांवों के समग्र विकास को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चयनित 43 गांवों के ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, सहायक ग्राम विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य चयनित गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा सभी पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव का सूक्ष्म सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर ग्राम विकास योजना (वीडीपी) तैयार की जाए और तीन दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार कर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
डीएम ने पेयजल, स्वच्छता, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से जुड़ी योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में ग्राम प्रधानों से गांवों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली गई तथा जनसहभागिता बढ़ाने, पारदर्शिता बनाए रखने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया गया। पंचायत सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि चयनित गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।














