गाजीपुर, । जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रमेश चन्द्र उपाध्याय द्वारा जारी आदेश के बाद विकास खंड बिरनों के विभिन्न ग्राम पंचायत क्लस्टरों में सचिवों के कार्यक्षेत्र में व्यापक बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के अनुपालन में जारी इस आदेश के तहत ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को नए क्लस्टरों का आवंटन करते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों में सचिव के रूप में तैनात किया गया है।
आदेश के अनुसार नखतपुर, चौबेपुर, तियरा, देवकठिया, बद्दूपुर, जयन्तीदासपुर तथा भड़सर क्लस्टरों में सचिवों की नई तैनाती की गई है। विशेष रूप से बद्दूपुर क्लस्टर लंबे समय से चर्चा में रहा है। इस क्लस्टर में बल्लीपुर, बद्दूपुर, शेखपुर, सरायबंदी, डाड़ी खुर्द और भैरोपुर सहित छह ग्राम पंचायतें शामिल हैं। यहां पूर्व में तैनात सचिव श्री गोपाल कुमार सिंह के स्थान पर श्री जयप्रकाश को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार नखतपुर क्लस्टर में श्री शिवेन्द्र प्रताप सिंह, चौबेपुर में श्री अवध नारायण यादव, तियरा में श्री श्याम सुन्दर यादव, देवकठिया में श्री गोपाल सिंह, जयन्तीदासपुर में श्री अजय प्रकाश तथा भड़सर क्लस्टर में श्री प्रमोद सिंह को सचिव के रूप में तैनात किया गया है।
डीपीआरओ ने निर्देश दिया है कि सभी नव तैनात सचिव एक दिवस के भीतर संबंधित पूर्व सचिवों से कार्यभार ग्रहण कर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।














