गाजीपुर – पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के तहत पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के तहत निर्धारित प्रपत्र-7 पर निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई है। यह जानकारी जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना में दी गई।अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, विकास खंड कार्यालयों तथा संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है। पंचायत घर, विद्यालय भवन, साधन सहकारी समिति, उचित मूल्य की दुकान, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अन्य निर्धारित सार्वजनिक भवनों पर भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है।प्रशासन ने बताया कि पंचायत निर्वाचक नामावली 10 जून से 12 जून 2026 तक आम नागरिकों के निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में मतदाता अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकते हैं।जनपद की सात तहसीलों और 16 विकास खंडों को मिलाकर कुल 28,11,268 मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। इनमें 15,20,131 पुरुष मतदाता तथा 12,91,137 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से निर्धारित अवधि के भीतर सूची का निरीक्षण करने और किसी त्रुटि की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने की अपील की है।पंचायत निर्वाचन की दृष्टि से मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आगामी चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।














