गाजीपुर। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जनपद में विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के तहत किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की।
अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों तथा नगर क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पार्कों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों एवं स्वयंसेवकों ने नालियों की सफाई, कूड़ा-कचरा हटाने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने का कार्य किया।
इस दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट के निस्तारण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया गया। लोगों को बताया गया कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। आमजन से कपड़े, जूट एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग की अपील की गई। दुकानदारों और व्यापारियों को भी प्लास्टिक मुक्त बाजार बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता शपथ समारोह आयोजित किए गए, जहां लोगों ने अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
अभियान के दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा जनहित के संदेश प्रसारित किए गए। ग्रामवासियों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त गाजीपुर बनाने का संकल्प लिया।














