Tuesday, June 2, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAPHAAS BREAKINGलापरवाही पर कार्रवाई: 13 स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन कटेगा

लापरवाही पर कार्रवाई: 13 स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन कटेगा

ग़ाज़ीपुर – जमानिया स्वास्थ्य केंद्रों में अनुशासन और कार्यप्रणाली की जांच के लिए सोमवार को स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके सरोज ने क्षेत्र के तीन नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति और अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई तथा 13 स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।

निरीक्षण की शुरुआत मेदनीपुर स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से हुई। यहां चार कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर चिकित्सा अधीक्षक ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद वह डेढ़गांवा नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका मिला। केंद्र बंद मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए वहां तैनात सभी आठ कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया और उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड और अभिलेखों के रखरखाव में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। इस पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। उत्तरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सभी कर्मचारी उपस्थित मिले, लेकिन अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया।

चिकित्सा अधीक्षक ने जमानिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां एक कर्मचारी अनुपस्थित मिला। उन्होंने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

डॉ. सरोज ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारियों को अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button