गाजीपुर – राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। जनपद न्यायालय के गेट संख्या-1 से माननीय जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रैली एवं प्रचार वाहन को रवाना किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आमजन अपने मामलों का सरल, सुलभ और त्वरित निस्तारण करा सकते हैं। इसमें वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, दुर्घटना दावा, ऋण वसूली, सेवा विवाद, बंटवारा संबंधित मामले तथा शमनीय आपराधिक प्रकरणों का निपटारा सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।
कार्यक्रम में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संजय हरी शुक्ला, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अली रजा, अमित सिंह, शक्ति सिंह, अभिमन्यु सिंह, श्रीमती श्वेता वर्मा, राम अवतार प्रसाद, संजय के लाल, विजय कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नूतन द्विवेदी सहित कई न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक और न्यायालय कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।














