ग़ाज़ीपुर – मरदह क्षेत्र के महाहर धाम मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग के बजट से चल रहे सुंदरीकरण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संत रविदास मंदिर के पास दीवार निर्माण के विरोध में सैकड़ों लोगों ने महाहर धाम मुख्य चौराहे पर करीब चार घंटे तक चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बरही-कासिमाबाद और मरदह-महाहर मार्ग पूरी तरह बाधित रहे, जिससे राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर कमेटी द्वारा परिसर के सौंदर्यीकरण के तहत संत रविदास मंदिर के बगल में दीवार बनाई गई थी। रविदास मंदिर कमेटी के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इस दीवार के माध्यम से उनके मंदिर को जानबूझकर ढकने की कोशिश की जा रही है। इसी के विरोध में दोपहर लगभग 2:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने कार्य रुकवाकर धरना शुरू कर दिया।
चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे बीमार व्यक्तियों और छोटे बच्चों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम ने दोनों पक्षों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया।














