Saturday, March 14, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeपाइप डालने के विवाद में मारपीट, घायल महिला की इलाज के दौरान...

पाइप डालने के विवाद में मारपीट, घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

गाजीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में नलकूप के पाइप को सड़क के नीचे डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। मारपीट की इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक अधेड़ महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मानपुर निवासी रामअवतार यादव अपने ट्यूबवेल का पानी खेतों तक पहुंचाने के लिए सड़क के नीचे पाइप डलवा रहे थे। इसी पाइप को लेकर गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को थाना दिवस के मौके पर लेखपाल और कानूनगो की मौजूदगी में मामले का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क के दूसरी ओर स्कूल होने का हवाला देकर पाइप डालने पर आपत्ति जताने लगे।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। मारपीट में रामअवतार यादव (70), उनकी पत्नी बागेश्वरी देवी (65) और पुत्र दिवाकर यादव (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गाजीपुर भेजा, जहां इलाज के दौरान बागेश्वरी देवी की मौत हो गई।

मृतका की बेटी रेणु की तहरीर पर पुलिस ने रामाधार यादव, शुभम यादव, सरवन यादव, पुष्पा यादव, पूजा यादव, लीलावती देवी, रामबचन यादव, कमला यादव, रमेश मिश्रा, दिनेश मिश्रा, राकेश मिश्रा उर्फ बिट्टू और डब्लू मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button