गाजीपुर – नंदगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर ने 8 लोगों को कुचल दिया, जिसमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। मृतक सभी गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के रहने वाले थे और महाकुंभ से लौट रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?
श्रद्धालुओं से भरी पिकअप की ट्राली अचानक टूट गई, जिससे 24 लोग सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कई लोगों को कुचल दिया। मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद हाईवे पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डीएम आर्यका अखौरी और एसपी डॉक्टर ईरज राजा मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
डंपर चालक फरार, प्रशासन सख्त
डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है और हाईवे पर ऐसे वाहनों की जांच की जा रही है, जिनमें क्षमता से अधिक लोग सफर कर रहे हैं।

