HomePARDAFHAAS BREAKINGमड़ई में सो रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग को सांप ने काटा, इलाज...

मड़ई में सो रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग को सांप ने काटा, इलाज के दौरान मौत

गाज़ीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के कहोतरी गांव में मंगलवार दोपहर मड़ई में सो रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग को सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान रामकृत राम (85) पुत्र स्वर्गीय विशंभर राम, निवासी कहोतरी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर रामकृत राम अपनी मड़ई में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान मड़ई में लगे बांस से अचानक एक सांप उनकी चारपाई पर गिर पड़ा और उनके पैर में काट लिया। सांप के काटने पर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर बिरनो पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। बिरनो थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि मृतक के पुत्र श्रवण की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। बुजुर्ग की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments