Thursday, June 4, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeएनकाउंटर में मारे गए कमलेश चौधरी के शव पर बवाल, ग्रामीणों ने...

एनकाउंटर में मारे गए कमलेश चौधरी के शव पर बवाल, ग्रामीणों ने किया पथराव

गाजीपुर। बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी का शव गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और हालात तनावपूर्ण हो गए।

फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर चक्काजाम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 300 से अधिक ग्रामीणों ने कमलेश चौधरी के शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से अफरा-तफरी मच गई और कई पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप था कि कमलेश चौधरी के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर उसका एनकाउंटर किया गया है। महिलाओं की भी बड़ी संख्या प्रदर्शन में शामिल रही और वे शव से लिपटकर विलाप करती रहीं।

पथराव में सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

उग्र प्रदर्शन के दौरान सीओ सिटी शेखर सेंगर घायल हो गए और उनके सिर में चोट आई। कई महिला पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस बल पहुंचते ही बदला माहौल

शुरुआत में ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था। बाद में बॉडी प्रोटेक्टर से लैस अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद भीड़ में भगदड़ मच गई और लोग शव छोड़कर वहां से भागने लगे।

पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

होमगार्ड कार्यालय और कॉलोनी तक पहुंचा बवाल

पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मी बचाव के लिए होमगार्ड कार्यालय में चले गए, लेकिन प्रदर्शनकारी वहां तक पहुंच गए। गोड़ा शहरी कॉलोनी मोड़ के पास भी पथराव की घटनाएं हुईं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।

होटल बिंदु के सामने प्रदर्शन की थी तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, कमलेश चौधरी का शव घर पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने होटल बिंदु के सामने प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम बदलकर फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस का मानना है कि समय रहते अतिरिक्त बल नहीं पहुंचता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

फुल्लनपुर इलाका बना पुलिस छावनी

उपद्रव के बाद पुलिस ने पूरे फुल्लनपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। इलाके के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है तथा कुछ लोगों को हिरासत में लेने की भी सूचना है।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस कमलेश चौधरी के शव को श्मशान घाट ले गई। वहां परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस बल तैनात रहा।

एसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने कहा कि पथराव और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button