Thursday, June 4, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAPHAAS BREAKINGपीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकों को 7...

पीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकों को 7 दिन में लंबित ऋण निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 तक जनपद में 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 3479 घरों में सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं।समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न बैंकों में योजना से संबंधित 1088 ऋण आवेदन लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिला अग्रणी प्रबंधक और सभी बैंक समन्वयकों को निर्देश दिया कि एक माह से अधिक समय से लंबित ऋण पत्रावलियों का निस्तारण तीन दिनों के भीतर तथा एक माह से कम अवधि वाली पत्रावलियों का निस्तारण सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना उचित कारण किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए तथा ऋण स्वीकृति में अनावश्यक विलंब करने वाले शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित बैंक मुख्यालयों को पत्र भेजा जाएगा।जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निरीक्षण कार्य तीन दिनों के भीतर पोर्टल पर पूर्ण करने, स्मार्ट मीटर स्थापना एवं कॉन्फिगरेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली बिल संशोधन के लिए सभी डिवीजनों में मेगा कैंप आयोजित कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने सभी वेंडरों को तहसील, नगर पालिका, शिक्षा विभाग और विद्युत विभाग के कार्यालयों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को योजना के लाभ और सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानंद तिवारी, जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button