गाजीपुर। कासिमाबाद पुलिस ने अपराध एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दो वांछित अभियुक्तों को अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी व चौकी प्रभारी बहादुरगंज उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे मय टीम नसरतपुर-नसरुद्दीनपुर, थाना बरेसर सीमा के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से आते दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में आजाद राजभर उर्फ गूड्डू पुत्र राजकुमार राजभर निवासी दुविया, थाना करीमुद्दीनपुर के पास से एक तमंचा .315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं रोहित राय उर्फ आदित्य राय पुत्र लवकुश राय निवासी असावर, थाना करीमुद्दीनपुर के पास से भी एक तमंचा .315 बोर व एक जिंदा कारतूस मिला।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी थाना कासिमाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 326/2026 में विभिन्न धाराओं के तहत वांछित थे। बरामद अवैध असलहे के संबंध में दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 332/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय भेज दिया।














