गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी वन प्रभाग द्वारा महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में स्वच्छ वातावरण और शुद्ध हवा प्रदान करेगा। उन्होंने जनपदवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि मिशन लाइफ के तहत जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग और वृक्षारोपण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर चल रहे पौधरोपण अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आह्वान पर प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। जनपद गाजीपुर में 7.06 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।














