गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सप्ताह के अवसर पर बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन में जनजाति गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार गोंड ने की। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विनोद खरवार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता और स्वतंत्रता संघर्ष के अद्वितीय प्रतीक थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर जनजातीय समाज को संगठित करने का कार्य किया। साथ ही समाज के लोगों को अपने अधिकारों, परंपराओं और संस्कृति की रक्षा के लिए जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन त्याग, साहस, संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणादायी गाथा है। उनका संघर्ष आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उनके विचार और आदर्श सदैव प्रासंगिक रहेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय मंत्री पंचदेव गोंड, पिंटू गोंड, टुनटुन गोंड, प्रदीप गोंड सहित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















