HomeLocalकिसान दिवस में उठीं खाद की किल्लत और धान खरीद की समस्याएं,...

किसान दिवस में उठीं खाद की किल्लत और धान खरीद की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

गाजीपुर। बुधवार को परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने कृषि एवं उससे जुड़े विभिन्न विभागों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान खाद की उपलब्धता, धान खरीद, सिंचाई, छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा और कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों में रबी फसलों की बुआई के लिए गेहूं, चना, मटर, मसूर और सरसों के गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, सभी साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत गुणवत्तायुक्त बीज और खाद उपलब्ध कराने को कहा गया।
धान खरीद को लेकर किसानों की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर किसानों को असुविधा नहीं होने देने और नियमानुसार खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। करीमुद्दीनपुर क्रय केंद्र को सुचारू रूप से संचालित करने की मांग भी उठाई गई।
किसान सुरेंद्र सिंह ने नरियाव समिति पर खाद उपलब्ध नहीं होने तथा पोटाश की मांग की। अनूप राय निवासी पकड़ी ने शिकायत की कि सावित्री कुशवाहा के पशु का पशुधन बीमा नहीं किया गया है। बाबूलाल मानव ने अर्नव तूफान से धान और बाजरा की फसल को हुए नुकसान की समस्या उठाई। वहीं, शिवकुमार राय निवासी सियाड़ी ने करीमुद्दीनपुर क्रय केंद्र को सुचारू रूप से चलाने का अनुरोध किया।
परियोजना निदेशक ने किसानों से अपील की कि धान कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाएं। इससे पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति और लाभकारी सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन के उपाय अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments