HomePARDAFHAAS BREAKINGट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर मजदूर की मौत, परिवार के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर मजदूर की मौत, परिवार के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

गाजीपुर – सैदपुर थाना क्षेत्र के शरीफपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंडरपास के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर 30 वर्षीय मजदूर मेढ़ई राजभर की मौत हो गई। हादसा परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों के सामने हुआ, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के मठबैजनाथपुर गांव के दर्जनों लोग सावन में अमवा स्थित सत्ती माई मंदिर दर्शन-पूजन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। शरीफपुर के पास अंडरपास से हाईवे की ओर मुड़ते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली के जोड़ पर बैठे मेढ़ई राजभर अचानक फिसलकर सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई।

परिजन तत्काल उन्हें सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय उनकी पत्नी माला देवी, पुत्र शिवम, पुत्री सानिया, माता नागेश्वरी देवी और पिता पब्बर राजभर भी ट्रॉली में मौजूद थे।

मेढ़ई मुंबई में मजदूरी करते थे और करीब एक माह पहले घर आए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। चालक के अनुसार मेढ़ई को खतरनाक स्थान पर बैठने से मना किया गया था।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments