
नोएडा। स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन नोएडा द्वारा सेक्टर-10 औद्योगिक क्षेत्र में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में सैकड़ों उद्यमियों ने भाग लिया, जिनके हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशप्रेम का संदेश था। यात्रा की शुरुआत एमएसएमई संस्था के कार्यालय से हुई, जिसे एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नाहटा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सभी से “हर घर तिरंगा” अभियान में हिस्सा लेने की अपील भी की।
सुरेंद्र सिंह नाहटा ने उद्यमियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी की यह अनमोल धरोहर क्रांतिवीरों की कुर्बानी, त्याग, और बलिदान का परिणाम है। हमें इस स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सहेज कर रखना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वतंत्रता केवल बाहरी नहीं, बल्कि विचारों, कर्मों, और अधिकारों की स्वतंत्रता भी है।

एसोसिएशन के नोएडा अध्यक्ष शिवकुमार राणा ने तिरंगा यात्रा को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के अध्यक्ष रमेश राठौर ने तिरंगे को हमारी आन-बान और शान का प्रतीक बताते हुए वीर शहीदों की कुर्बानी को याद किया। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा रीना राणा और मंत्री हाजी अनवर ने भी इस यात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला, इसे राष्ट्रीय मूल्यों और संस्कृति का उत्सव बताया।

यह यात्रा संस्था के कार्यालय से शुरू होकर औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों से गुजरते हुए बी 44 पर समाप्त हुई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी वर्गों के लोग जाति-धर्म से ऊपर उठकर देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। यात्रा में भूपेंद्र बिष्ट, गणेश बिष्ट, असलम खान, आर्यन पुरी, वीरेंद्र सिंह, उमेश सिंह, मेहंदी हसन नकवी, और कई अन्य उद्यमियों और कर्मचारियों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन और भी खास बन गया।
तिरंगा यात्रा: एकता और देशप्रेम की अनूठी मिसाल:सुरेंद्र सिंह नाहटा जिला अध्यक्ष, एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।