गाजीपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को रोटरी क्लब गाजीपुर की ओर से रोटरी सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
रोटरी क्लब की अध्यक्ष रो. विनीता सिंह एवं सचिव रो. सुमन सर्राफ के नेतृत्व में आयोजित समारोह में श्री शिवपूजन यादव और श्री ओंकार सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ सदस्य, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी एवं शिक्षक रहे रोटेरियन बरुन कुमार अग्रवाल को भी अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष विनीता सिंह ने सभी शिक्षकों, गुरुओं एवं शिक्षाविदों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया। उन्होंने कहा कि समर्पित शिक्षकों के बिना सशक्त, जागरूक और नैतिक समाज का निर्माण संभव नहीं है। रोटरी इंटरनेशनल के प्रमुख सेवा-स्तंभों में बुनियादी शिक्षा एवं साक्षरता महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। रोटरी परिवार ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा शिक्षकों के सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
रो. संतोष कुमार वर्मा ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। संचालन रो. विनय कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रो. असित सेठ ने किया। इस दौरान रो. राजेश प्रसाद, रो. अजर सर्राफ, रो. संजर नासिर सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।














