गाजीपुर। दिवाली पर परिवार के साथ खुशियां मनाने घर लौट रहे चार दोस्तों की कार शनिवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा-हैदरिया के पास चेंजर नंबर 337 पर रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की एंबुलेंस से सुबह करीब 6:30 बजे सभी को गाजीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 27 वर्षीय ऋषभ आनंद को मृत घोषित कर दिया।
ऋषभ बिहार के औरंगाबाद जिले के मुमीनिंदपुर का निवासी था और दिल्ली की एक टेक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। कार में उसके साथ पुष्कर कुमार (28), प्रभुल झा (27) और रवि राज (25) सवार थे। चारों बचपन के दोस्त थे और दिल्ली में निजी कंपनियों में नौकरी करते थे। सभी दिवाली की छुट्टियां मनाने दिल्ली से पटना जा रहे थे।
घायल पुष्कर के मुताबिक, सामने से गलत दिशा में ट्रक आता देख उन्होंने कार मोड़कर बचने की कोशिश की, लेकिन ट्रक चालक ने भी वाहन दूसरी तरफ मोड़ दिया, जिससे भिड़ंत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे की जांच की जा रही है।















