HomeLocalशराब तस्करी में फंसी सांसद के नाम की स्कॉर्पियो, गाजीपुर तक पहुंचा...

शराब तस्करी में फंसी सांसद के नाम की स्कॉर्पियो, गाजीपुर तक पहुंचा मामला

ब्रेकिंग । बिहार के कैमूर जिले में पकड़ी गई शराब से लदी स्कॉर्पियो ने सियासी हलकों में हड़कंप मचा दिया है। स्कॉर्पियो पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत का नाम और बीजेपी का झंडा लगा होने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

सांसद के नाम का दुरुपयोग, पति ने थाने में दी तहरीर

राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के पति ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर साफ किया है कि शराब तस्करी से सांसद या उनके परिवार का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने इसे सांसद के नाम और प्रतिष्ठा को बदनाम करने की साजिश बताया है।

सोशल मीडिया से सामने आया मामला, मचा राजनीतिक बवाल

दिनांक 22 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी सामने आई कि काले रंग की स्कॉर्पियो (N) वाहन संख्या UP 61 BQ 9062 बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लूरपुरवा गांव के पास 277 लीटर शराब के साथ पकड़ी गई है।

स्कॉर्पियो पर सांसद का स्टीकर और बीजेपी का झंडा

जब्त वाहन के पीछे के शीशे पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के नाम का स्टीकर चिपका था, जबकि आगे बीजेपी का झंडा लगा हुआ था। इसी वजह से मामला आम आपराधिक केस से निकलकर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।

सांसद दंपति ने झाड़ा पल्ला, बताया नाम बदनाम करने की साजिश

तहरीर में सांसद के पति ने लिखा है कि वाहन स्वामी द्वारा जानबूझकर सांसद के नाम का स्टीकर लगाकर उनके नाम और मान-सम्मान को धूमिल किया गया है। इससे उनकी पत्नी की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा है।

वाहन मालिक पर कार्रवाई की मांग, पुलिस ने लिया संज्ञान

राज्यसभा सांसद के पति ने मामले में वाहन स्वामी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए विधि सम्मत कार्रवाई का भरोसा दिया है।

कैमूर में उत्पाद विभाग की बड़ी दबिश, 277 लीटर शराब बरामद

उधर बिहार के कैमूर जिले में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब से लदी स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। यह कार्रवाई मोहनिया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

देर रात वाहन चेकिंग, लूरपुरवा के पास पकड़ी गई स्कॉर्पियो

उत्पाद विभाग की टीम ने देर रात वाहन चेकिंग के दौरान लूरपुरवा गांव के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी में 277 लीटर अवैध शराब बरामद होते ही अफसर भी चौंक गए।

अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार, वाहन जब्त

उत्पाद विभाग के एएसआई कुमार गौरव के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर शराब तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन स्कॉर्पियो समेत एक अन्य वाहन को जब्त कर लिया गया।

किसके नाम है स्कॉर्पियो? रजिस्ट्रेशन से खुलेगा राज

पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर यह पता लगा रही है कि स्कॉर्पियो किसके नाम पर रजिस्टर्ड है और इसका इस्तेमाल कौन कर रहा था। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।

दोषियों पर गिरेगी गाज, सख्त कार्रवाई के संकेत

पुलिस और उत्पाद विभाग का कहना है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments