गाजीपुर। जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता अभिनव सिन्हा के नेतृत्व में सचल एंबुलेंस सेवा के तहत स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। कासिमाबाद विकास खंड के फत्तेसराय और मुहम्मदपुर गांव में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह देने के साथ मुफ्त दवाओं का वितरण किया।
भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने कहा कि सचल एंबुलेंस सेवा का उद्देश्य गांवों तक सामान्य स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से गंभीर बीमारियों और सर्जरी से संबंधित मरीजों को 26, 27 और 28 सितंबर को गाजीपुर के लंका मैदान में आयोजित होने वाले निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले इस बड़े शिविर में देश के जाने-माने अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को निशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा देंगे। जरूरतमंद चयनित मरीजों की निशुल्क सर्जरी भी कराई जाएगी।
सिन्हा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए यह निशुल्क स्वास्थ्य सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख मनोज गुप्ता, पाली प्रधान कौशल किशोर राय, मुहम्मदपुर टड़वा के प्रधान प्रतिनिधि शेषनाथ चौहान, जिला मंत्री मयंक राय, अखिलेश राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।















