गाजीपुर। मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक 24 वर्षीय युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एनएच-31 किनारे स्थित करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर दोबारा चढ़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोन के जरिए युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
बताया गया कि थाना क्षेत्र निवासी युवती का चकटरफिया गांव निवासी मनजीत चौधरी पुत्र नंदलाल चौधरी से करीब चार वर्ष से प्रेम संबंध है। मनजीत बेंगलुरु में निजी नौकरी करता है। युवती का आरोप है कि मनजीत पिछले वर्ष शादी का वादा कर उसे बेंगलुरु ले गया था, लेकिन बाद में परिवार के दबाव में शादी से इनकार कर दिया। युवती की शिकायत पर करीब छह माह पहले पुलिस ने मनजीत के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा था।
युवती के अनुसार जेल में रहने के दौरान मनजीत ने उससे शादी करने का वादा किया था। करीब दो माह पहले जमानत पर बाहर आने के बाद वह शादी से मुकर गया। इसी मांग को लेकर युवती ने 14 सितंबर को भी टावर पर चढ़कर हंगामा किया था। उस समय ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव और प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने समझाकर उसे नीचे उतारा था।
शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे युवती दोबारा टावर पर चढ़ गई और इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी बात रखी। उसने आरोप लगाया कि पिछली बार शादी कराने का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन बाद में शादी नहीं कराई गई। युवती ने कहा कि जब तक उसकी शादी मनजीत से नहीं कराई जाती, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। उसने नीचे नहीं उतारने पर जान देने की धमकी भी दी।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस लगातार युवती को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रही थी। देर शाम तक वह टावर पर ही मौजूद रही। पुलिस के अनुसार युवती की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रयास जारी है।















