HomeLocalसंगठन मजबूत होगा तो अधिकारों की लड़ाई होगी मजबूत

संगठन मजबूत होगा तो अधिकारों की लड़ाई होगी मजबूत

गाजीपुर। कर्पूरी ठाकुर सेना (केटीएस) की आवश्यक बैठक शनिवार को लोहिया भवन, गाजीपुर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, समाज में एकता स्थापित करने और गरीब, शोषित, वंचित तथा पिछड़े वर्ग के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्पूरी ठाकुर सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद संगठनात्मक विस्तार के तहत पांडेयपुर निवासी गुलाब ठाकुर को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर को संरक्षक एवं जिला प्रभारी तथा शिवकुमार ठाकुर को मीडिया प्रभारी बनाया गया। नई जिम्मेदारियां मिलने पर कार्यकर्ताओं ने पदाधिकारियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि अमित ठाकुर ने कहा कि बैठक का उद्देश्य महान नेता कर्पूरी ठाकुर के विचारों और उनके संघर्ष को आगे बढ़ाना है। कर्पूरी ठाकुर ने जीवनभर गरीब, शोषित, वंचित और पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। आज उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को संगठित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार में सभी को समान अधिकार दिलाना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने का आह्वान किया। कहा कि संगठन की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए है। संगठन मजबूत और एकजुट रहेगा तो कोई भी ताकत उसे कमजोर नहीं कर सकती।

बैठक की अध्यक्षता चंद्रशेखर ठाकुर ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता कुलदीप ठाकुर ने किया। इस दौरान बृजराज ठाकुर, जवाहर ठाकुर, बलराम शर्मा, नंदलाल ठाकुर, झारखंडे ठाकुर, एनके शर्मा, घनश्याम शर्मा, हनुमान, अरविंद शर्मा, दिनेश, गोपाल शर्मा, नागेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments