गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सपा विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने शासन को पत्र भेजकर विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। विधायक ने एससी-एसटी समिति, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को पत्र भेजकर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई गांवों में नाली निर्माण, सीसी सड़क निर्माण और संपर्क मार्गों के लेपन कार्य को जनहित में आवश्यक बताया है।
विधायक द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में बिरनो विकासखंड के ग्राम सभा देवकठियां बीबीपुर में अरविंद यादव के डेरा से अंधऊ-जंगीपुर मार्ग स्थित बेसो नदी तक नाली निर्माण की मांग की गई है। इसी विकासखंड के कोडरी घुरहाबंदा में रशीद के घर से असलाई ताल तक तथा मरदह विकासखंड के नसीरुद्दीनपुर हृदयपुर में बुद्धराम के घर से हृदयपुर माइनर तक नाली निर्माण प्रस्तावित किया गया है।
वहीं बिरनो ब्लॉक के पिपनार में किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से शिवराम चौहान के घर होते हुए शिवबालक के घर तक, तियरा में पीच रोड डिह बाबा स्थान से शिवकुमार चौहान के घर के आगे तक तथा भैरोपुर पीच रोड से महमुदपुर गांव तक सीसी सड़क निर्माण की मांग की गई है। मरदह के पांडेयपुर में राधे पीच रोड से ओमप्रकाश राजभर के घर तक और सदर विकासखंड के जल्लापुर में मुहम्मदाबाद मार्ग से राजमणि कुशवाहा के घर तक भी सीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।
इसके अतिरिक्त विधायक ने क्षेत्र के छह संपर्क मार्गों के लेपन कार्य की भी मांग की है। इनमें बिरनो विकासखंड के खरगपुर में रामजी सिंह के खेत से शंकरजी मंदिर होते हुए प्राथमिक विद्यालय तक, जुझारपुर-नखतपुर संपर्क मार्ग से वीर लोरिक इंटर कॉलेज होते हुए जलालाबाद संपर्क मार्ग, जंगीपुर पुराने पावर हाउस से सोहबतिया गांव, धनेशपुर-बहलोलपुर संपर्क मार्ग से पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव के घर तक तथा नखतपुर पासी बस्ती संपर्क मार्ग शामिल हैं। सदर विकासखंड के पारा वारिखपुर रोड से बघुई बुजुर्ग संपर्क मार्ग पर भी लेपन कार्य कराने की मांग की गई है।
विधायक ने शासन से सभी प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।














