गाजीपुर – भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में चार वर्षीय मासूम सिद्धार्थ की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तीन दिन से लापता बच्चे का शव गुरुवार सुबह घर से करीब 20–25 मीटर दूर चरी के खेत में मिला। शव की हालत बेहद भयावह थी। शरीर पर नुकीले हथियार से वार के कई निशान थे, दोनों पैर काट दिए गए थे, आंखें गायब थीं और सिर के सारे बाल उखड़े हुए थे। शव के पास से बच्चे का एक कटा हुआ पैर भी बरामद हुआ।
सिद्धार्थ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे खेलने के लिए घर से निकला था। वह ननिहाल से आई एक हमउम्र बच्ची के साथ खेल रहा था। कुछ देर बाद बच्ची अपने नाना के घर चली गई, लेकिन सिद्धार्थ वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और ग्रामीण लगातार उसकी खोज में जुटे रहे, लेकिन गुरुवार सुबह खेत में शव मिलने से पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान बच्चे की दादी कबूतरी देवी अचानक गांव से भागने लगीं। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें गांव से कुछ किलोमीटर दूर पकड़कर हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दो साल पहले बहू के जेवर को लेकर सास और परिवार में विवाद हुआ था। हाल ही में जेवर लौटाने के बाद दादी ने बेटे से 50 हजार रुपये की मांग की थी। रुपये न मिलने पर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। बच्चे के पिता जामवंत का आरोप है कि उनकी मां सिद्धार्थ को पसंद नहीं करती थीं और अक्सर उसके बारे में अपशब्द कहती थीं।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि दादी के कमरे से दुर्गंध आ रही थी और आशंका जताई कि शव पहले वहां रखा गया होगा, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। एडिशनल एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर और सीओ सुधाकर पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।














