गाजीपुर। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” गाजीपुर के तत्वावधान में तथा आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से लंका स्थित सभागार में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद चयन शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।
विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच के साथ शुगर, ब्लड प्रेशर और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए। जांच के बाद 17 मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। सभी मरीजों को आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की बस से वाराणसी भेजा गया, जहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण तथा आवश्यक उपचार किया जाएगा।
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीजों को लगभग 18 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें दवाइयां, काला चश्मा और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराकर अस्पताल की बस से सुरक्षित गाजीपुर वापस भेजा जाएगा। अस्पताल की ओर से भोजन, आवास और आवागमन की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी।
अतिप्राचीन रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि समिति रामलीला मंचन के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि बारिश के बावजूद लोगों की भारी भागीदारी ऐसे शिविरों की आवश्यकता को दर्शाती है। वहीं अस्पताल के प्रतिनिधि संदीप सिंह ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा निःशुल्क पहुंचाना ही संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है।














