बिरनो (गाजीपुर)। बिरनो थाना क्षेत्र के नियाव गांव में छेड़खानी की शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे तीन लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नियाव गांव निवासी बृजेश राजभर ने बुधवार को पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव का ही राहुल राजभर पुत्र रमेश राजभर उसकी भतीजी को रास्ते में आते-जाते समय परेशान करता है और छेड़खानी करता है। इसी शिकायत को लेकर बुधवार सुबह करीब आठ बजे बृजेश राजभर अपने साथियों के साथ राहुल के घर पहुंचे थे।
आरोप है कि शिकायत की बात सुनकर राहुल राजभर, उसके पिता रमेश राजभर, सुदामा और अन्य लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में बृजेश राजभर, मंदीप राजभर और मनीष राजभर के सिर में चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों ने घायलों को बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
इस संबंध में बिरनो थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार प्रजापति ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।















