गाजीपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 के आयोजन के मद्देनजर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 30 अक्टूबर, शुक्रवार को जनपद के सभी बोर्डों से संचालित कक्षा एक से 12 तक के विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा विज्ञापन संख्या 16-परीक्षा/2026 के तहत पीईटी 2026 की लिखित परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जा रही है।
शासन के कार्मिक अनुभाग-3 के एक अक्टूबर 2026 के शासनादेश के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दिन भी यदि विद्यालयों के शिक्षकों अथवा अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी परीक्षा केंद्रों या अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में लगाई गई है, तो उन्हें नियमानुसार अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करना होगा। यह आदेश जनपद में संचालित सभी बोर्डों के कक्षा एक से 12 तक के विद्यालयों पर लागू होगा।















