गाजीपुर। राजकीय पॉलीटेक्निक गाजीपुर में 60 सीटेड पुरुष छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बुधवार, 28 अक्टूबर को मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया, जिसे संतोषजनक पाया गया। साथ ही संस्था परिसर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने एआईसीटीई (AICTE) के मानकों के अनुरूप बनाए जा रहे नए भवन का अवलोकन किया। इसके अलावा टाटा की ओर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विदित हो कि राजकीय पॉलीटेक्निक गाजीपुर में जनगणना कार्य के लिए कार्मिकों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया और संबंधित कार्मिकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इसके बाद उन्होंने संस्था का निरीक्षण कर पठन-पाठन की व्यवस्था की जानकारी ली तथा शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर संस्था के प्रधानाचार्य विवेक कुमार, व्याख्याता डॉ. सौरभ पाठक, राजेंद्र कुमार यादव, सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएसएस (UPRNSS), वाराणसी के परियोजना प्रबंधक एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।















