HomeLocalअज्ञात बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बहन बाल-बाल...

अज्ञात बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बहन बाल-बाल बची

गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम, दो घंटे बाद पुलिस ने खुलवाया रास्ता

गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र में पहेतिया बाजार से करीब 500 मीटर आगे गुरुवार को अज्ञात बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी छोटी बहन बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद पुलिस के समझाने पर जाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, शादियाबाद थाना क्षेत्र के सिधारखुर्द गांव निवासी रामऔतार यादव (22) पुत्र पारस यादव अपनी छोटी बहन सुनीता के साथ गुरुवार को मोटरसाइकिल से खरीदारी करने जंगीपुर गया था। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहेतिया के पास हंसराजपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही अज्ञात बस ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भाई-बहन सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण रामऔतार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहन सुरक्षित बच गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना पर मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। बस और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक के बड़े भाई मुलायम यादव की तहरीर पर अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। रामऔतार तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह दिल्ली में निजी नौकरी करने के साथ यूपीएससी की तैयारी भी कर रहा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments