गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए पानी की टंकी, मोबाइल टावर या अन्य ऊंचे स्थानों पर चढ़कर प्रशासन पर दबाव बनाने अथवा ब्लैकमेल करने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कृत्य किसी भी व्यक्ति को न्याय दिलाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है और संबंधित व्यक्ति के जीवन व सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद प्रशासन नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आमजन अपनी शिकायतें जनसुनवाई, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस, सम्पूर्ण समाधान दिवस तथा अन्य निर्धारित प्रशासनिक माध्यमों के जरिए प्रस्तुत कर सकते हैं। इन शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समस्याओं के समाधान के लिए वैधानिक और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की आत्मघाती या जोखिमपूर्ण गतिविधि न केवल व्यक्ति के लिए नुकसानदायक है, बल्कि प्रशासनिक संसाधनों पर भी अनावश्यक दबाव डालती है।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से सहयोग की अपेक्षा करते हुए न्यायिक आदेशों का सम्मान करने, कानून का पालन करने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए केवल वैधानिक और निर्धारित प्रक्रियाओं का ही उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।














