Tuesday, May 26, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalगाजीपुर में सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए DM अनुपम शुक्ला

गाजीपुर में सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए DM अनुपम शुक्ला

अधिकारियों को बैठक में खुद उपस्थित रहने के निर्देश

गाजीपुर – जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बैठकों में स्वयं उपस्थित रहें और अनुपालन आख्या के साथ कार्यवाही की फोटोयुक्त विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट में वर्तमान माह और पिछले वर्ष के उसी माह का तुलनात्मक विवरण भी शामिल करने को कहा गया।

हिट एंड रन मामलों पर जागरूकता अभियान

बैठक में हिट एंड रन मामलों को लेकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को इस विषय पर कार्यशाला आयोजित करने तथा पीड़ितों को परिवहन विभाग में आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने को कहा गया। परिवहन विभाग ने बताया कि वर्तमान में जिले में हिट एंड रन का कोई मामला लंबित नहीं है।

राहवीर योजना के तहत मिलेगा 25 हजार का पुरस्कार

सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने के लिए आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि “राहवीर योजना” के तहत घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके प्रचार के लिए सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, टोल प्लाजा, ब्लैक स्पॉट, थाना और अस्पतालों में होर्डिंग लगाने तथा सोशल मीडिया अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

हाईवे पर ई-रिक्शा और गलत पार्किंग पर सख्ती

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि हाईवे पर केवल चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग की जाए। अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई होगी। साथ ही हाईवे पर ई-रिक्शा संचालन को पूरी तरह प्रतिबंधित करने के आदेश दिए गए। रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अवैध कट बनाने वालों पर होगी नामजद FIR

वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बार-बार मीडियन तोड़कर बनाए जा रहे अवैध कटों पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे स्थानों के आसपास CCTV कैमरे लगाने और दोबारा अवैध कट बनाने वालों को चिन्हित कर नामजद एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

NHAI अधिकारियों को 10 दिन का अल्टीमेटम

बैठक में NHAI परियोजना निदेशक की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि NHAI, यातायात पुलिस और थाना पुलिस संयुक्त निरीक्षण कर वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर चिन्हित कटों की रिपोर्ट तैयार करें और 10 दिनों के भीतर सुधार कार्य पूरा कराएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि सुधार कार्य नहीं हुआ और कोई दुर्घटना हुई तो NHAI अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

 

बैठक में लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और बस-ट्रक यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button