गाजीपुर – मुहम्मदाबाद नगर के यूसुफपुर गंज मोहल्ले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में 15 माह के मासूम विवान की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। विवान घर में खेल रहा था। उस समय बड़े बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, जबकि घर की महिलाएं रसोई के काम में व्यस्त थीं। खेलते-खेलते वह बाथरूम में पहुंच गया और वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। कुछ देर बाद जब वह घर में दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान विवान बाल्टी में गिरा मिला। परिजन और पड़ोसी उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विवान दो भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई में नौकरी कर रहे पिता पवन जायसवाल घर के लिए रवाना हो गए। मासूम की मौत से परिवार और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।














