गाजीपुर। विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और जनहानि की पीड़ा को स्मरण करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया। राजेंद्र पार्क से जिला पंचायत सभागार तक मौन जुलूस निकाला गया। इसके बाद जिला पंचायत हाल में विचार गोष्ठी आयोजित कर विभाजन में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय तथा राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के नेतृत्व में जुलूस निकला। पीरनगर, जिलाधिकारी आवास और कचहरी मार्ग से होते हुए जुलूस जिला पंचायत हाल पहुंचा। कार्यकर्ता विभाजन, विस्थापन और उसके दुष्परिणामों से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर चल रहे थे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मनीष कपूर ने कहा कि विभाजन की पीड़ा हमें देश की एकता और अखंडता के प्रति सदैव सजग रहने का संदेश देती है। डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि 14 अगस्त 1947 के इतिहास में स्वतंत्रता की खुशी के साथ विभाजन का असहनीय दर्द भी जुड़ा है। लाखों लोगों ने घर-बार और संपत्ति छोड़ी तथा अनेक परिवार अपनों से बिछड़ गए। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि विभाजन की पीड़ा राष्ट्रीय स्मृति का हिस्सा है और आने वाली पीढ़ियों को इससे अवगत कराना जरूरी है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सभागार के गलियारे में विभाजन की घटनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारस नाथ राय, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, बृजेंद्र राय, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, डॉ. राजकुमार सिंह गौतम, बीके त्रिवेदी, रमेश सिंह, पप्पू, रामराज बनवासी, विनोद अग्रवाल, संकठा प्रसाद मिश्रा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, सुमित तिवारी, अवधेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राजेश राजभर, अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, गर्वजीत सिंह, राजन प्रजापति और सनी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














