लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से परछन और द्वारपूजा के दौरान की थी फायरिंग, शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई शुरू
गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के दुर्खुशी गांव में बुधवार की देर रात शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करना भारतीय सेना में तैनात एक हवलदार को भारी पड़ गया। लाइसेंसी बंदूक से की गई फायरिंग में छर्रे लगने से दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हवलदार को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्खुशी गांव में बुधवार की रात बारात आई हुई थी। इस दौरान शादी की रस्म परछन और द्वारपूजा चल रही थी। बताया जा रहा है कि दूल्हे के भाई एवं भारतीय सेना में हवलदार मनोज कुमार ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दी। इसी दौरान निकले छर्रे लगने से सौरभ कुमार और टिंकू उर्फ सन्नी घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल मऊ भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही मरदह पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसकी लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।















