HomeCrimeमिश्र बाजार में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी शुभम चौबे की...

मिश्र बाजार में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी शुभम चौबे की तलाश में जुटी पुलिस

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिश्र बाजार में मंगलवार शाम हुई युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने का आरोप शुभम चौबे उर्फ लेखपाल पर है। घटना के बाद से आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे मिश्र बाजार क्षेत्र में आरोपी शुभम चौबे उर्फ लेखपाल अपने चार पहिया वाहन से अचानक उतरा और मोहम्मद कौशेन (23) पुत्र मोहम्मद दाऊद निवासी मुफ्तीपुरा, थाना कोतवाली तथा उसके साथी हर्ष राय को निशाना बनाकर पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से मोहम्मद कौशेन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके गले और सीने में गोलियां लगी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर और वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। गंभीर रूप से घायल कौशेन को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 818/2026 के तहत धारा 103(1) और 109(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments